जोशीमठ। बदरीनाथ यात्रा का प्रमुख पड़ाव जोशीमठ नगर जल्द रेल लाइन से जुड़ेगा। जोशीमठ तक रेल लाइन निर्माण के लिए केंद्रीय रेल मंत्रालय ने राज्य सरकार से डीपीआर मांगी है। सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद नगर को रेल लाइन से जोड़ने का कार्य शुरू हो जाएगा। यह बात बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि रेल लाइन के लिए कर्णप्रयाग से माणा तक का सर्वे किया गया है इसी के तहत जोशीमठ रेल लाइन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जोशीमठ नगर को ऑल वेदर रोड परियोजना से पृथक नहीं किया जाएगा। जन अपेक्षाओं के अनुरूप गुलाबकोटी-पैनी बैंड से जोशीमठ को जोड़ते हुए ऑल वेदर रोड का निर्माण किया जाएगा। औली में खुलने वाले कृषि विज्ञान केंद्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र के निर्माण के लिए प्रस्ताव वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गमशाली में होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मेले को जल्द ही राजकीय मेला घोषित किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व पालिका अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, किशोर पंवार, राकेश भंडारी, लक्ष्मण सिंह फरकिया, गुड्डू लाल, भगवती नंबूरी, कुलदीप कठैत और नीतिश चौहान आदि मौजूद थे।