देवाल। ब्लाक के खेता गांव में 20 गांवों के लिए विद्युतीकरण कार्य शुरू हो गया है। शनिवार को थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह ने विद्युतीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। दीन दयाल ग्रामीण ज्योति योजना के तहत यहां ब्लाक के 177 तोकों का विद्युतीकरण कार्य किया जाना है। पहले चरण की शुरुआत खेता गांव से हो रही है।
ब्लाक के रामपुर, तोरती, उपथर, झलिया, कुंवर पाटा, चनियाली सहित 177 से अधिक तोक में आज तक बिजली नहीं थी। अब जल्द ही इन गांवों में बिजली पहुंच जाएगी। शनिवार को खेता में आयोजित समारोह में विधायक मुन्नी देवी शाह ने कहा कि ब्लाक के रामपुर, तोरती, उपथर, झलिया, कुंवर पाटा, चनियाली सहित 177 से अधिक तोकों का जल्द विद्युतीकरण हो जाएगा। यहां बैलून मोबाइल टॉवर से नेटवर्किंग सेवाओं को शुरू करने का काम भी किया जा रहा है। यहां कृषि को बढ़ावा देने के लिए सीएम भी प्रयासरत हैं। विधायक मुन्नी देवी ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तीन माह में काम पूरा करने के लिए कहा। इसके बाद विधायक शाह ने बोरागाड़, चौड़, नलधूरा, मेलखेत सहित आसपास के गांवों में जनसंपर्क किया। ग्रामीणों ने देवाल में महाविद्यालय और मेलखेत में अस्पताल खोले जाने, चोटिंग-सौरीगाड़, खेता-हरमल, नलधूरा गांव के लिए सड़क बनाने, ओडर में मोटर पुल, बोरागाड़ की क्षतिग्रस्त ट्राली को ठीक करने आदि की मांग की गई। इस दौरान दर्शन दानू, पुष्कर गड़िया, काम सिंह, बलवंत बसेड़ा, प्रधान गोपाल दानू, पुष्पा जोशी, गणेश जोशी, नरेंद्र बिष्ट, केडी मिश्रा, पुष्कर बिष्ट, नंदी कुनियाल, मंजू परिहार, दीपा जोशी और राजू भंडारी आदि मौजूद रहे।