देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बुधवार मध्य रात्रि एक ट्रक तोताघाटी में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में ड्राइवर और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार देररात टिहरी पुलिस कंट्रोल रूम को बदरीनाथ हाईवे पर सौड़पानी से करीब दो किमी आगे तोताघाटी में एक ट्रक के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर देवप्रयाग थाना व बछेलीखाल चौकी से पुलिस कर्मी और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मौजूद व्यक्ति ने बताया कि श्रीनगर से रात में तीन ट्रक लाडवा (हरियाणा) के लिए निकले थे। रात 11 बजे तीनधारा में चाय पीने के बाद तीनों ट्रक के ड्राइवर व हेल्पर ऋषिकेश की ओर निकले। तोताघाटी के समीप आगे चल रहे ट्रक का शोर सुनाई दिया, तो उन्होंने पीछे देखा तो ट्रक गायब था। उन्होंने 100 नंबर पर कॉल की।
सूचना पर पहुंची पुलिस खाई में उतरी तो करीब सौ मीटर नीचे ट्रक के अवशेष मिले। पास ही ट्रक चालक सुखवीर शर्मा (38) पुत्र जगन्नाथ शर्मा निवासी बरोट थाना लाडवा कुरुक्षेत्र (हरियाणा) और हेल्पर आस मोहम्मद (17) पुत्र नदीम अहमद निवासी सरसावा, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के शव मिले। थाना प्रभारी देवप्रयाग विनोद राणा ने बताया कि हेल्पर का शव रात में ही निकाल लिया गया था, जबकि चालक का शव बृहस्पतिवार सुबह निकाला गया। परिजनों को घटना की सूचना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ऋषिकेश भेजा गया है।