गोपेश्वर। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के लंबे संघर्ष के बाद नवनिर्मित रोपा-चल्थर सड़क पर बृहस्पतिवार को चल्थर गांव तक बस सेवा का ट्रायल सफल रहा। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने रिब्बन काटकर बस सेवा का शुभारंभ किया। गांव में पहली बार बस पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक के साथ ही बस चालक, परिचालक और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का माल्यार्पण कर मिठाइयां बांटी। सड़क बनने से अब काली माटी गांव के ग्रामीणों को छह किलोमीटर की पैदल दूरी नहीं नापनी पड़ेगी।
21 नवंबर वर्ष 2016 को 8.12 किलोमीटर रोपा-चल्थर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ। सड़क निर्माण पर पीएमजीएसवाई पोखरी ने 591.90 लाख रुपये खर्च किए। वर्ष 2016 में ही अतिवृष्टि से सड़क का करीब 95 मीटर हिस्सा बह गया, जिससे चार माह तक सड़क निर्माण कार्य बंद रहा। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए डीएम कार्यालय के सामने 18 दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया, जिसके फलस्वरूप सड़क का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ। वर्ष 2018 के मई माह में पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया और बृहस्पतिवार को बस का ट्रायल किया गया जो सफल रहा। जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत ने बताया कि इस सड़क से काली माटी के साथ ही रोपा, चल्थर गांव के साथ ही धारकोट, पलेठी, सरतोली गांवों को भी यातायात का फायदा मिलेगा। इस मौके पर पीएमजीएसवाई के एई तनुज कांबोज, गजपाल बर्तवाल, गजेंद्र रावत, टीका प्रसाद, अरविंद मैठाणी, प्रधान ठेली सुरेंद्र सिंह रावत और मनोज रावत आदि मौजूद थे।
कोट
सड़क सुविधा न होने से जरूरी सामग्री पीठ पर लादकर ले जाते हैं। गंतव्य तक जाने के लिए छह किलोमीटर की पैदल दूरी नापते हैं, लेकिन अब गांव तक सड़क पहुंचने से यातायात की समस्या दूर हो जाएगी। - महेंद्र सिंह, काली माटी गांव निवासी।
गांव तक सड़क न होने से लोग पलायन करने लगे थे। गांव में बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब गांव तक सड़क पहुंचने से ग्रामीणों को आवाजाही में सुविधा रहेगी। - माहेश्वरी देवी, चल्थर गांव निवासी।