कर्णप्रयाग। वर्ष 2019 में होने वाले लोक सभा चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत जिले की तीनों विधानसभाओं में भाजपा ने प्रभारियों की नियुक्ति कर धरातल पर काम करना शुरू कर दिया है। भाजपा ने जिले के बदरीनाथ, कर्णप्रयाग और थराली विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा संयोजक सहित कई अन्य पदों पर 23 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की हैं।
24 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की देहरादून में कार्यकर्ताओं से मुलाकात और बैठक के बाद भाजपा ने जिले के लिए पहली सूची जारी की है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रमेश मैखुरी ने बताया कि बदरीनाथ के लिए बलबीर घुनियाल, कर्णप्रयाग के लिए आनंद सिंह रावत और थराली के लिए राजेंद्र प्रसाद डिमरी को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। राकेश भंडारी को बदरीनाथ, समीर मिश्रा को कर्णप्रयाग और सुरेंद्र सिंह नेगी थराली का विधानसभा संयोजक बनाया गया है। महावीर रावत को बदरीनाथ मीडिया प्रभारी और विवेक शाह, रमेश चौधरी को सह मीडिया प्रभारी की जिम्म्मेदारी सौंपी गई। कर्णप्रयाग में यही जिम्मेदारी प्रेम संगेला, विजय चमोला और हेमंत सेमवाल को दी गई। थराली के लिए केदार दत्त जोशी मीडिया प्रभारी, त्रिभुवन सिंह और भूपेंद्र रावत सह मीडिया प्रभारी होंगे। चुनावों के लिए भाजपा ने सोशल मीडिया पर भी खासा ध्यान दिया है। इसके तहत बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में कुलदीप कठैत, नीलम सिंह नेगी और उमेश तिवाड़ी, कर्णप्रयाग के लिए राकेश नेगी और सोनू पुंडीर तथा थराली के लिए कमलेश सती, विजय रावत और हरीश को सोशल मीडिया का प्रभार दिया गया है।