गोपेश्वर। बिना अनुमति के सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण कार्य का राजस्व और नगर पंचायत की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने झूलाबगड़ में भैरव मंदिर, शिव मंदिर और हनुमान मंदिर के आसपास हो रहे अवैध निर्माण कार्य का निरीक्षण कर काम रुकवा दिया। राजस्व विभाग ने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों पर अब कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी भूमि पर लंबे समय से नगर पंचायत नंदप्रयाग के सफाई कर्मियों की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लोगों की शिकायत पर नगर पंचायत सफाई कर्मचारियों को नोटिस भी दे चुकी है इसके बावजूद यहां निर्माण जारी है। लोगों ने इसकी शिकायत डीएम आशीष जोशी से की तो उन्होंने शीघ्र मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार को राजस्व और नगर पंचायत की टीम ने झूलाबगड़ क्षेत्र का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण को रुकवा दिया। राजस्व उप निरीक्षक हरीश भंडारी का कहना है कि झूलाबगड़ तोक में छह लोगों की ओर से सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। निर्माण करवा रहे संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पत्रावलियां तैयार की जा रही हैं।
गोपेश्वर में भी सरकारी भूमि पर कब्जा
नंदप्रयाग के साथ ही नगर पालिका गोपेश्वर के अंतर्गत भी कई जगहों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा जमाने की होड़ लगी है। बाईपास मार्ग, घिंघराण रोड, पटियालधार, हल्दापानी, सुभाष नगर और चमोली में कई जगहों पर अवैध निर्माण कार्य चल रहे हैं। जिलाधिकारी आशीष जोशी का कहना है कि सरकारी भूमि पर हो रहे निर्माण कार्यों को दिखवाया जाएगा। मामला संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।