थराली। प्राणमति से डुंग्री जा रहा एक ट्रॉला निगलानी गदेरे में गिर गया, जिससे पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी थराली में भर्ती कराया गया। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
राजस्व उपनिरीक्षक डुंग्री राजकुमार सिद्धवान ने बताया कि प्राणमति से डुंग्री घास लेकर जा रहा ट्रॉला अनियंत्रित होकर निगलानी गदेरे में गिर गया। हादसे में डुंग्री गांव के वाहन चालक भवान सिंह (32), शीला देवी (30), मदुली देवी (35), कमला देवी (36) और सुशील कुमार (45) घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे मेन गांव के ग्रामीणों ने निजी वाहन से घायलों को सीएचसी थराली पहुंचाया। भवान सिंह और शीला देवी की गंभीर स्थिति होने पर डॉक्टर ने उन्हें श्रीनगर रेफर कर दिया, जबकि तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।