पोखरी। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन के मंडलीय सचिव मनवर रावत ने जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण किए जाने की मांग की है। रविवार को पोखरी में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से पदोन्नति प्रक्रिया में देरी की जा रही है। राज्य के कई जिलों में प्रक्रिया पूर्ण भी हो चुकी है, लेकिन चमोली जिले में अभी तक किसी भी अध्यापक की पदोन्नति नहीं हो पाई है। इससे संगठन में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि कई शिक्षक अपनी उम्र सीमा पार कर सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिससे उन्हें पदोन्नति के लाभ से वंचित रहना पड़ेगा। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी से शीघ्र इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई की मांग उठाई है।