- साइन बोर्ड तक न होने से पर्यटन स्थलों की तलाश में भटक रहे लोग
ब्यूरो/अमर उजाला/चकराता।
छावनी क्षेत्र में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों पर यहां व्याप्त अव्यवस्थाएं भारी पड़ रही हैं। ऐसे में पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की तलाश में भटकना पड़ रहा है। जिस कारण आधे से ज्यादा पर्यटक पर्यटन स्थलों का दीदार किए बिना ही लौट जाते हैं। इसके साथ ही पर्यटकों के रुकने के लिए कोई गृह भी नहीं है। जिस कारण पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल ने पर्यटन अधिकारी को पत्र भेज क्षेत्र में सूचना पट्ट और पर्यटन गृह निर्माण की मांग की है।
भेजे गए पत्र में व्यापार मंडल अध्यक्ष विवके अग्रवाल ने कहा कि चकराता समेत आसपास की पहाड़ियां नैसर्गिक सौंदर्य से भरपूर हैं। क्षेत्र के कोटी कनासर, मोइला टॉप, लोखंडी, नागथात, रामताल गार्डन, बुधेर, चिरमिरी में बहुत खूबसूरती है, लेकिन क्षेत्र में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को कोई सूचना पट्ट और साइन बोर्ड न होने के कारण इन स्थलों तक नहीं पहुंच पाते। कहा क्षेत्र में पर्यटक गृह भी नहीं न होने के कारण पर्यटकों को महंगे दाम पर होटल में ठहराना पड़ता है। उन्होंने पर्यटन विभाग से पर्यटकों के लिए पर्यटन आवास गृह निर्माण की मांग की है। पत्र भेजने वालों में आनंद सिंह, अंकित आदि शामिल रहे।