जोशीमठ/देवप्रयाग। गंगा आरती समिति की ओर से शनिवार को निर्जला एकादशी पर विष्णुप्रयाग में गंगा आरती का आयोजन किया गया। समिति की ओर से गंगा आरती के साथ ही भजन-कीर्तन संध्या भी आयोजित की गई। तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों ने गंगा संरक्षण संकल्प लिया। आरती समिति के प्रवक्ता बलवंत सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जहां संस्कृति संरक्षण को बल मिलता है, वहीं गंगा संरक्षण को लेकर लोगों में संवेदनशीलता का विकास भी होता है। इस मौके पर समिति के कोषाध्यक्ष बचन सिंह, हरीश खंडूड़ी, राजन लाल साह, गोपाल भट्ट और अभिषेक आदि मौजूद थे।
वहीं देवप्रयाग में युवा तीर्थ पुरोहित और व्यापारियों ने राहगीरों को शरबत वितरित किया। चिलचिलाती गर्मी में शरबत ने राहगीरों को राहत दी। शरबत वितरण में त्रिलोक रावत, विनोद गोयल, अंकित, राजेश भट्ट, पीतांबर सिंह, राजेश पंचपुरी और सुधीर चंद्र आदि शामिल थे।
तीर्थयात्रियों को बुरांश का जूस बांटा
जोशीमठ। निर्जला एकादशी के मौके पर नरसिंह ग्रुप की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रुप ने नगर में बदरीनाथ हाईवे पर तीर्थयात्रियों को बुरांश का जूस बांटा वहीं वहीं नगर के पेट्रोल पंप और आसपास सफाई अभियान भी चलाया। कार्यक्रम आयोजक दीपक शाह का कहना है कि ग्रुप का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करना है। ग्रुप की ओर से विभिन्न अवसरों पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर प्रकाश नेगी और जेपी भट्ट आदि मौजूद थे।