ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को मोक्षदायिनी को स्वच्छ रखने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत ढालवाला ड्रेन पर चंद्रेश्वरनगर क्षेत्र में लगाए गए फिल्टर सिस्टम मशीन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि फिल्टर सिस्टम के जरिये ड्रेन से गंगा में गिर रही गंदगी को रोका जा सकेगा। जिससे गंगा स्वच्छ और निर्मल हो सकेगी।
बुधवार को चंद्रेश्वरनगर स्थित ढालवाला ड्रेन नाले पर नमामि गंगे परियोजना के तहत स्थापित बायो रैमिडिएल मशीन का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि, मुख्य सचिव उत्पल कुमार और नमामि गंगे परियोजना के डीजी राजीव रंजन ने शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नालों को स्वच्छ करने का यह पहला प्रयोग है। इससे मोक्षदायिनी में गिर रहे नालों की गंदगी की रोका जा सकेगा। गंगा को प्रदूषित करने वाले अन्य बड़े नालों पर भी इस तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्मल गंगा का संकल्प सबको मिलकर पूरा करना होगा। बायो रैमिडियल तकनीक के जरिये ड्रेन के पानी को फिल्टर करने के बाद गंगा में छोड़ा जाएगा।
स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने कहा कि इस तरह सभी नालों के पानी को साफ कर नदी में पहुंचाया जाएगा तो गंगा का जल स्वच्छ और निर्मल हो सकेगा।
नमामि गंगे के डीजी राजीव रंजन ने बताया कि नीदरलैंड की फ्लैक्सी टफ इंटरनेशनल कंपनी से 350 करोड़ लागत की बायो रैमिडियल तकनीक पर आधारित मशीन के जरिये नाले के पानी को साफ कर नदी में छोड़ा जाएगा। इससे गंगा में डाले जा रहे गंदे पानी को रोका जाएगा।
मुख्य सचिव उत्पल कुमार ने कहा कि राज्य में ऐसे करीब 31 प्रोजेक्टों पर कार्य किया जाना है, जिनमें से 14 पर कार्य पूरा हो गया है।
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, नमामि गंगे परियोजना के निदेशक संदीप कुमार, प्रदीप कुमार, उत्तराखंड के निदेशक राघव लंगर, नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी, ज्ञान सिंह नेगी, कुसुम कंडवाल, स्नेहलता शर्मा, इंद्रकुमार गोदवानी, चेतन शर्मा, शंभू पासवान, ऊषा रावत, कृष्ण कुमार सिंघल आदि मौजूद थे।
ढालवाला ड्रेन का मुद्दा उठाने वाले सम्मानित
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री ने बताया कि जब सोशल मीडिया पर तीर्थनगरी के ढालवाला ड्रेन नाले का वीडियो वायरल हुआ था, तब से सरकार ने ड्रेन से गिरने वाले गंदे पानी की रोकथाम के लिए कार्य शुरू कर दिया था। सोशल मीडिया पर इस नाले की फोटो वायरल करने वाले दिल्ली के विकास का सीएम ने आभार जताते हुए सम्मानित किया। वहीं चंद्रेश्वरनगर स्थित नाले के गंगा में गिरने के विरोध में हाल ही में समाजसेवी जयप्रकाश द्विवेदी ने बेमियादी आमरण अनशन धरना-प्रदर्शन किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री उनको भी सम्मानित किया।
योग दिवस की तैयारियां पूरी
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बृहस्पतिवार को राजधानी देहरादून में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड की जनता को करो योग, रहो निरोग का संदेश देंगे।