नारायणबगड़। क्षेत्र पंचायत की बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के न आने पर सदस्यों ने हंगामा किया। सदस्यों ने कहा कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही बैठक में नहीं आए तो समस्याओं का समाधान कैसे होगा। आधा घंटे बाद सीडीओ हंसादत्त बैठक में पहुंचे और सभी की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद सदस्य माने और बैठक शुरू हुई। इस दौरान सदस्यों ने बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा से जुड़ी समस्याएं सदन में रखीं।
ब्लाक सभागार में प्रमुख अंशी नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मींग के प्रधान महिपाल सिंह ने मींग-बैनोली मार्ग का निर्माण शुरू करने, जबरकोट के प्रधान कलम सिंह कंडारी ने गांव में पेयजल संकट की समस्या रखी। क्षेत्र पंचायत सदस्य दलबीर सिंह और जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला ने थराली ब्लाक की तीन ग्राम पंचायतों को नारायणबगड़ ब्लाक में शामिल करने, नारायणबगड़ के कौब, किमोली सहित कई गांवों में बिजली के झूलते तारों को ठीक करने, प्राइमरी, जूनियर और माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को भरने की मांग की। ग्राम प्रधानों ने मनरेगा के कामों में तेेजी लाने और अवशेष भुगतान जल्द करने की मांग उठाई। बैठक में बीडीओ केएस मेहरा, कनिष्ठ उपप्रुमख मनबीर सिंह, बीपी ध्यानी, आरएल रोधियाल, केएस टोलिया, जगमोहन मेहरा, हरेंद्र बिष्ट, सरिता नेगी, उर्मिला रावत सहित कई अन्य मौजूद थे।