श्रीनगर। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीनगर के समीप अलकनंदा नदी किनारे श्रीयंत्र टापू (माल ढैया) को ग्रीन पार्क के रुप में विकसित किया जाएगा। यहां वन विभाग हरे पेड़-पौधे लगाएगा। डीएम पौड़ी सुशील कुमार ने वन विभाग को कार्ययोजना बनाकर पार्क बनाने के निर्देश दिए हैं। यहां पार्क के निर्माण के साथ ही खान-पान (रिफ्रेशर प्वाइंट) सहित सभी सुविधाएं मुहैया होंगी जोकि तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
विशेष पैकेज के तहत बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का श्रीयंत्र टापू (माल ढैया) में लगभग 700 मीटर हिस्से में अलकनंदा नदी से कटाव से सुरक्षा और चौड़ीकरण कार्य किया गया है। नदी के कटाव से यहां सड़क संकरी और खतरनाक हो गई थी, लेकिन वर्तमान में सड़क का चौड़ीकरण कर दिया गया है। साथ ही लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने यहां नदी से कटाव से सड़क की सुरक्षा के लिए अलग-अलग लेबल में दीवारों का निर्माण किया है। जिला प्रशासन ने इस स्थान को ग्रीन पार्क के रुप में विकसित करने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि नदी का किनारा होने की वजह से यात्राकाल में यहां काफी संख्या में यात्री रुकते हैं। यदि प्रशासन की योजना के अनुरूप यहां हरियाली होती है, तो गर्मी की तपिश से परेशान यात्रियों को आराम मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
>>>>>>>
- श्रीयंत्र टापू के सड़क वाले छोर को नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत ग्रीन पार्क के रुप में विकसित किया जाएगा। डीएफओ गढ़वाल को यहां पेड़ पौधे लगाने के निर्देश दिए है। - सुशील कुमार, डीएम पौड़ी