ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
महिला कांग्रेस ने यात्राकाल के दौरान तीर्थनगरी में ऑटो चालकों द्वारा लोकल सवारियों की अनदेखी किए जाने को लेकर यूनियन अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने ऑटो चालकों पर लोकल सवारियों के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप भी लगाया। महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष मधु जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हरिद्वार मार्ग स्थित ऑटो यूनियन के कार्यालय में अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि यात्रा सीजन में शहर के साथ ही रायवाला, श्यामपुर, मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला आदि क्षेत्रों में संचालित तिपहिया वाहन चालकों द्वारा लोकल सवारियों की जान बूझकर अनदेखी की जाती है।
वह कई बार स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने से भी नहीं चूकते, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन के अन्य साधन नहीं होने के चलते सड़कों पर घंटों इंतजार करना पड़ता है। मधु जोशी ने बताया कि इस बारे में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार आवाज भी उठाई गई। बावजूद इसके आज तक यूनियनों की ओर से कोई समाधान नहीं निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने यूनियन अध्यक्ष से सभी तिपहिया यूनियनों व चालकों से बातचीत कर समस्या के समाधान की मांग उठाई है। चेताया कि यूनियन द्वारा सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो कार्यकर्ता नागरिकों को लामबंद कर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर पूर्व प्रधान कमला गौड़, शकुंतला शर्मा, गंगा देवी, निर्मल कांता राजपूत, बीना शर्मा, सुधा त्यागी, सोनिया कश्यप, विद्यावती, तारा कश्यप, रोशनी, गीता, सुमन कश्यप आदि मौजूद थे।