ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
यूसीए-यूजेवीएनएल सीनियर (इंटर डिस्ट्रिक्ट) स्टेट चैंपियनशिप का खिताब पौड़ी जिले की टीम के नाम रहा। पौड़ी की टीम ने देहरादून ब्लू की टीम को एक विकेट से हरा खिताब कब्जाया। पौड़ी के अजीत रावत को मैन ऑफ द चैंपियनशिप और देहरादून ब्लू के समीर शर्मा को बेस्ट बैट्समैन और भरववीर को बेस्ट बॉलर चुना गया। पौड़ी के नीरज सिंह मैन ऑफ द मैच रहे।
उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन (यूसीए) और जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) की ओर से सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में आयोजित क्रिकेट चैंपियनशिप के फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देहरादून ब्लू की टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। विजय सिंह ने 109, मोहित हांडा ने 53 और समीर शर्मा ने 50 रन की पारी खेली। पौड़ी के अजित रावत ने तीन और हरी, नीरज ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी पौड़ी की टीम ने 49.2 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। नीरज सिंह ने 79, अजीत रावत ने 45, चंद्रशेखर ने 31, प्रयाग राज ने 16 रन बनाए। देहरादून के भरतवीर, दिनेश चंदेल, विजय सिंह दो-दो जबकि, रोहन आर्य, रजत ने एक-एक विकेट लिया।
यूजेवीएनएल के डायरेक्टर ऑपरेशन पुरुषोत्तम सिंह ने विजेता टीम को सर्टिफिकेट और ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर यूसीए के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, सचिव चंद्रकांत आर्य, वीएन बहुगुणा, तरुण कुमार, कुलवीर उनियाल आदि मौजूद रहे।