श्रीनगर। गति नियंत्रक के विरोध में टैक्सी/मैक्सी संघ की हड़ताल समाप्त हो गई है। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के आश्वासन पर टैक्सी/मैक्सी पर्वतीय महासंघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।
वाहनों में गति नियंत्रक लगाए जाने के विरोध में टैक्सी/मैक्सी महासंघ बृहस्पतिवार से हड़ताल पर था। हड़ताल के दौरान यूनियन के लोगों की तीर्थयात्रियों के साथ तीखी नोंक-झोंक भी हुई थी। साथ ही ब्रांच रूटों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई थी। शुक्रवार को देवप्रयाग विधायक ने हड़तालियों से वार्ता की। कंडारी ने हड़ताल के संबंध में मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव सहित परिवहन विभाग के आयुक्त से भी वार्ता की। महासंघ के अध्यक्ष राकेश बर्त्वाल ने बताया कि संघ की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिला है। महासंघ ने देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं महासंघ के अध्यक्ष राकेश बर्त्वाल ने हड़ताल समाप्त किए जाने की घोषणा की। कहा कि शनिवार से टैक्सियां विधिवत रूप से चलेंगी।