ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
संस्कृत भारती की ओर से ढालवाला में आयोजित 12 दिवसीय संस्कृत प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को संस्कृत भाषा के प्रचार- प्रसार व दैनिक जीवन में देववाणी संस्कृत का प्रयोग करने का संकल्प दिलाया गया। ढालवाला स्थित पुष्पा बडेरा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित संस्कृत प्रशिक्षण शिविर बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। इस मौके पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतिभागियों को संस्कृत भाषा के माध्यम से समाज में संस्कृति व शिक्षा को वैज्ञानिक पद्धति से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि संस्कृत भारती संस्कृत भाषा के माध्यम से समाज में परिवर्तन और राष्ट्र को विकास की ओर ले जाने को प्रयासरत है। कहा कि संस्कृत भारती एक भाषा आंदोलन के तौर पर विश्वव्यापी संस्था बन चुकी है। संस्कृत भाषा किसी गांव, नगर व प्रांत की भाषा नहीं बल्कि संस्कृत भाषा संपूर्ण विश्व की भाषा है। संस्कृत भारती के संगठन मंत्री दिनेश कामत ने सभी प्रतिभागियों को संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार व दैनिक जीवन में इसके उपयोग करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर संस्कृत भारती के क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख डॉ. बुद्धदेव शर्मा, संगठन मंत्री प्रताप सिंह, प्रांत मंत्री राकेश शर्मा, डॉ. संजू ध्यानी, गिरीश तिवाड़ी, रोशन गौड़, मनीष जुगरान, कैलास पंत, बबीता बहुुगुुणा, दीपचंद जोशी, भूपेंद्र गेहतोड़ी आदि मौजूद थे।