ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा पुराने वाहनों पर गति नियंत्रक लगाने की बाध्यता से नाराज टैक्सी चालकों ने बृहस्पतिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी। टैक्सी हड़ताल होने से हवाई यात्रियों को आने जाने के लिए वाहन नहीं मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उत्तराखंड परिवहन विभाग ने पुराने कामर्शियल वाहनों में गति नियंत्रक लगाने की बाध्यता की है। गति नियंत्रक नहीं होने पर वाहन स्वामियों को फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं मिल पा रहे हैं।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट टैक्सी चालक ऑनर समिति की अगुवाई में वाहन चालकों ने दिन भर हड़ताल रखी। समिति अध्यक्ष संजय सिंधवाल ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय प्रदेशों में पुराने वाहनों में गति नियंत्रक लगाने से तकनीकी खराबी आ रही है, जिससे वाहन स्वामियों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। कहा कि परिवहन विभाग को पुराने वाहनों पर गति नियंत्रक लगाने में छूट देनी चाहिए। समिति सचिव दिनेश कोठियाल ने कहा कि सरकार को अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि जल्द आदेश रद्द नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। हड़ताल में अजीत सजवाण, सुमित किशोर असवाल, प्रदीप पाल, राजूपाल, दीपक पांडेय, रोशन सैनी, योगेश शर्मा, सुमित पाल, राजकिशोर आदि तमाम टैक्सी चालक मौजूद रहे।