आड़ा-तिरछे खड़े वाहन लगा रहे जाम
- साहिया बाजार में बुधवार को आधे घंटे तक जाम से जूझते रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
साहिया।
वाहनों के आड़ा-तिरछा खड़ा होने से आए दिन साहिया बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। बुधवार को भी बाजार क्षेत्र में आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पर्यटकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर राजस्व कर्मियों के न पहुंचने पर जाम में फंसे सेना के जवानों को खुद जाम खोलने के लिए कमान संभालनी पड़ी।
बुधवार की शाम दोपहर साढ़े तीन बजे वाहनों के आड़ा-तिरछा खड़ा होने से बाजार में जाम लग गया। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम में सेना के ट्रक भी फंस गए। लोगों ने मामले की जानकारी तहसील कर्मियों को दी, लेकिन जब काफी देर के बाद भी मौके पर कोई नहीं पहुंचा तो सेना के जवानों को खुद जाम खोलने के लिए कमान संभालनी पड़ी। शाम चार बजे सड़क पर यातायात बहाल हो सका।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार भसीन, दिनेश आनंद, अमर सिंह, जयपाल सिंह, अनुज, केशर आदि का कहना है कि कई बार बाजार में आड़ा-तिरछा वाहन खड़ा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर तहसील प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर टाल दिया जाता है।
उधर, एसडीएम वीके तिवारी ने बताया कि मामले में राजस्व उपनिरीक्षक को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। बाजार में होम गार्ड तैनाती के भी निर्देश दिए हैं।