ब्यूरो/अमर उजाला
नागथात। जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति खत बहलाड़ की ओर से नागथात में चल रहे सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता में सोमवार को बतौर मुख्य अतिथि विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस साल नागथात लिफ्टिंग पंपिंग योजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जौनसार बावर के युवा देश-विदेश में क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। जिनमें से जुबिन नौटियाल और सृष्टि रावत ने संगीत के क्षेत्र में अपना लोहा मनवाया है। वह मुख्यमंत्री से मांग करेंगे की जीआईसी नागथात का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह के नाम पर रखा जाए।
इस दौरान आयोजित कैरम सिंगल में दिगंबर सिंह ने प्रथम और जयदीप ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। कैरम डबल में मनोज लारा की टीम ने बाजी मारी। विकेश चौहान की टीम दूसरे स्थान पर रही। वॉलीबाल में दुईना ने हाजा, लखस्यार ने जामुवा, बांसू ने ललऊ, गारंटी ने उत्पाल्टा को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। कबड्डी में जिसऊ ने चिटाड़, कनबुआ ने लाच्छा, टिपऊ ने मरलऊ को मात दी।
इस मौके पर संरक्षक महावीर चौहान, अध्यक्ष नरेश चौहान, पूरण सिंह, गजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, चमन सिंह, अर्जुन दत्त शर्मा, मनोज रतूड़ी, कुलतार सिंह, दिनेश कैंतुरा, कुंवर सिंह, प्रवीण चौहान, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।