ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
वीकेंड के दूसरे दिन रविवार को भी तीर्थनगरी व समीपवर्ती क्षेत्रों में पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान भीषण, गर्मी में सड़कों पर वाहन रेंग रेंग कर आगे बढ़े। जिससे सैलानियों को फजीहत झेलनी पड़ी। जाम के चलते तपोवन की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को महज बीस मिनट का सफर डेढ़ से दो घंटे में तय करना पड़ा।
तीर्थनगरी वीकेंड पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से लगातार दूसरे दिन भी जाम रही। इस दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन दिनभर रेंग रेंग कर आगे बढ़ते देखे गए। इतना ही नहीं श्यामपुर बाईपास मार्ग और अन्य रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने के बावजूद लोगों को जाम से निजात नहीं मिल पाई। मुख्य बाजार, मुनिकीरेती, तपोवन, बाईपास ढालवाला मार्ग, चीला बैराज मार्ग और गरुड़चट्टी, फूलचट्टी आदि इलाकों में जाम के कारण सैलानियों को दिनभर परेशान होना पड़ा। अधिकांश स्थानों पर इसकी वजह पार्किंग की कमी के चलते सड़कों के किनारे खड़े किए गए वाहन और अतिक्रमण बना।
पर्यटकों ने गंगा में उठाया राफ्टिंग का लुत्फ
ऋषिकेश। वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानी गंगा में साहसिक खेल का लुत्फ उठाने कौड़ियाला मुनिकीरेती राफ्टिंग जोन में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कौड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी आदि स्थानों पर बने राफ्टिंग प्वाइंटों से गंगा में साहसिक खेल का लुत्फ उठाया। इस दौरान पर्यटक गंगा में अठखेलियां करते हुए देखे गए। सुबह से देर शाम तक नदी में रंग बिरंगी राफ्टों में सैलानी राफ्टिंग करते रहे।