श्रीनगर। श्रीदेव भूमि लोक संस्कृति विरासतीय समिति की ओर से केदारनाथ आपदा के दौरान लोगों की मदद करने वाले स्थानीय निवासियों, संस्थाओं, सैनिकों व कर्मचारियों को गौरवशाली शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी ने कहा कि 16 जून को केदारनाथ में सम्मान समारोह के साथ ही श्रद्धांजलि सभा भी आयोजित की जाएगी, जिसके लिए समिति का गठन किया गया है।
जीएमवीएन श्रीनगर में आयोजित गोष्ठी में पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी ने कहा कि केदारनाथ आपदा की पांचवीं बरसी पर आपदा में मारे गए सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। साथ ही आपदा के दौरान राहत व बचाव कार्य में सहयोग करने वाले ग्रामीणों, सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व संगठनों आदि को गौरवशाली शौर्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। आयोजित गोष्ठी में तीर्थों के महत्व, जैविक विविधता, आपदा प्रबंधन एवं प्रशिक्षण आदि पर भी विस्तार से चर्चा कर कार्य योजना तैयार करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर गढ़वाल विवि के प्रो. विद्या सिंह चौहान व डा. अरविंद दरमोड़ा ने भी विचार रखे। वहीं केदारनाथ में 16 जून को आयोजित कार्यक्रम के लिए उच्च स्तरीय समिति का भी गठन किया गया, जिसमें कर्नल अजय कोठियाल, डा. धीरेंद्र रांगड़, तेजराम सेमवाल, वंशीधर पोखरियाल, सुनील गोस्वामी, गजेंद्र कंडियाल, भगवान सिंह रावत, महिपाल सिंह बिष्ट, दिनेश घिल्डियाल, चंदर सिंह नेगी आदि को आयोजित समिति में शामिल किया गया है।