गोपेश्वर। पोखरी पेयजल योजना से सुचारु पेयजल आपूर्ति न होने से खाल गांव के ग्रामीणों को निजी वाहनों से दूसरे गांवों से जलापूर्ति करनी पड़ रही है। इन दिनों प्रवासी ग्रामीण भी अपने पैतृक घरों में पहुंचे हैं, लेकिन पानी की समस्या ने ग्रामीण परेशान हैं।
पोखरी ब्लॉक के खाल गांव में 48 परिवार रहते हैं। जल निगम ने वर्ष 2016 में 14 करोड़ 67 लाख की लागत से तुंगनाथ क्षेत्र से पोखरी पुनर्गठन पेयजल योजना का निर्माण किया। खाल गांव को भी योजना से लाभान्वित किया गया। शुरुआत में योजना से ग्रामीणों को भरपूर पानी मिला, लेकिन संरक्षण के अभाव में योजना से सुचारु पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। पंजाब में निजी विद्यालय का संचालन कर रहे धनेत्री बेंजवाल का कहना है कि बच्चों सहित गांव आए हैं, लेकिन गांव में पानी की समस्या बनी है। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रभा खाली, हिमांशु बेंजवाल, प्रेमबल्लभ बेंजवाल, भास्कर और विनोद खाली का कहना है कि खाल गांव में 48 परिवार रहते हैं और इन दिनों 32 प्रवासी परिवार भी गांव पहुंचे हैं। ऐसे में दूसरे गांवों से निजी वाहनों में पानी भरकर गांव लाना पड़ रहा है। हैंडपंप पर गंदा पानी आ रहा है। गांव में धार्मिक आयोजन भी होने हैं, लेकिन बिना पानी के कैसे आयोजन होंगे इसकी चिंता सता रही है। इधर, जल निगम के ईई वीके जैन का कहना है कि पोखरी पेयजल योजना पर सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए अवर अभियंता को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही गांव में पेयजल की सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।