श्रीनगर। पेंशन और नौकरी की मांग के लिए एसएसबी प्रशिक्षित स्वयं सेवक (गुरिल्ला) पांच जुलाई को पौड़ी कमिश्नरी का घेराव करेंगे। इसके बाद जुलाई के दूसरे हफ्ते देहरादून में प्रदर्शन किया जाएगा।
शनिवार को यहां एसएसबी स्वयंसेवक कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष ब्रह्मानंद डालाकोटी ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार गुरिल्लाओं को नौकरी व पेंशन देने के बजाय उनके आंदोलन को तोड़ने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की शह पर कुछ संगठन व बाहरी लोग आंदोलन को कमजोर कर रहे हैं। ऐसी साजिशों से सावधान रहते हुए गुरिल्लाओं को एकजुटता दिखानी होगी। वक्ताओं ने कहा कि गुरिल्लाओं को एसडीआरएफ व लोनिवि में भर्ती करने के शासनादेश पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। अधिकारी मंत्रियों के आदेश भी नहीं मान रहे हैं।
इस अवसर पर तय किया गया कि एसएसबी केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र में धरने के एक साल पूरा होने पर पांच जुलाई को गढ़वाल मंडलायुक्त के दफ्तर में प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं देहरादून में दो सूत्री मांगों के लिए चार सितंबर से धरना चल रहा है, इसलिए जुलाई माह के दूसरे सप्ताह देहरादून में भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मान सिंह बिष्ट, ब्लाक अध्यक्ष कुशल सिंह पंवार, वेद प्रकाश रतूड़ी, आदित्य, कमलेश मिश्रा, सीता देवी, मधु देवी, संगीता घिल्डियाल और चुन्नी लाल आदि मौजूद थे।