ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
आगामी 15 अगस्त को प्रदेश सरकार राज्य को आयुष्मान भारत आयुष्मान उत्तराखंड योजना की सौगात देगी। इसके तहत प्रदेश के 20 लाख परिवारों का निशुल्क स्वास्थ्य बीमा कराया जाएगा।
यह बातें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को विकासनगर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में कहीं। मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के चार साल पूर्ण होने पर आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2022 तक नए भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। देश में लगभग दो करोड़ लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी है। इसके अलावा आयुष्मान भारत के संकल्प के जरिये उत्तराखंड के लगभग 5.38 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है, लेकिन राज्य सरकार ने इस संकल्प को विस्तारित करते हुए 20 लाख परिवारों को आयुष्मान भारत आयुष्मान उत्तराखंड से जोड़ने को लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रदेश के दो लाख से अधिक परिवारों को वर्ष 2021 तक सस्ता आवास मुहैया कराया जाएगा। इसके अलावा पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये तक का ऋण मात्र दो प्रतिशत ब्याज पर दिया जा रहा है। वहीं सबको एक जैसी शिक्षा के लिए प्रदेश में एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू की गई हैं।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, कृषकों, दिव्यांगों, महिलाओं, वृद्धजनों आदि के हितों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकासनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 230 (व्यक्तिगत शौचालय), प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1701 आवास, पं. दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना के अंतर्गत 55, राष्ट्रीय आजीविका योजना के तहत 816 समूह, उज्ज्वला योजना के तहत 12707 गैस कनेक्शन और सौभाग्य योजना के तहत 586 विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं। कार्यक्रम को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय रोहिला, जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, प्रदीप सोनी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, जिला पंचायत सदस्य सूरत सिंह, ब्लॉक प्रमुख तारा देवी, मंडल अध्यक्ष संदीप मोगा, नीरू देवी, रचिता ठाकुर, जयंती पटवाल, आशा चौहान, धर्मेंद्र ठाकुर, बॉबी, राजेंद्र सिंह तोमर, राजकुमारी आदि मौजूद रहे।
26.70 करोड़ की योजनाओं की मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 26.70 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें 21.76 करोड़ रुपये के शिलान्यास और 4.94 करोड़ रुपये के लोकार्पण कार्य शामिल रहे।