चमोली। क्षेत्र पंचायत दशोली की त्रैमासिक बैठक में बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे छाए रहे। बीडीसी बैठकों में उठी समस्याओं पर विभागों की ओर से कोई कार्रवाई न करने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख प्रमिला सजवाण कहा कि कहने के बाद अधिकारी पूरी तैयारी के साथ बैठक में नहीं आ रहे हैं। इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की जाएगी। ग्राम प्रधान स्यूंण जगदीश सिंह रावत ने बेमरू-स्यूण-डुमक-कलगोट बिजली लाइन का सुधारीकरण करने, प्राथमिक विद्यालय लुदाऊं के भवन का सुधारीकरण करने की मांग उठाई। प्रधान बणद्वारा धीरेंद्र सिंह बिष्ट ने बैरांगना और बणद्वारा गांवों में पेयजल किल्लत दूर करने, क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्वाड-देवलधार देवेंद्र सिंह बिष्ट ने चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के यात्रा ट्रैक के सुधारीकरण व मंदिर परिसर में पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई। जिला पंचायत सदस्य भागीरथी कुंजवाल ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सैंजी लग्गा मेकोट-बेमरू सड़क की गुणवत्ता सुधार की मांग की। सीडीओ हंसादत्त पांडे ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रधान संगठन के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, ज्येष्ठ प्रमुख अयोध्या प्रसाद हटवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील कोठियाल, ऊषा रावत, जगदीश सिंह रावत, विजेंद्र बिष्ट, सुंदर फर्स्वाण, आशीष कुमार, कुंवर सिंह भंडारी, भगत कनियाल, नरेंद्र बड़वाल, सुरेंद्र पंवार और गजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। बैठक का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनोद पंत ने किया।