ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
एएनएम सेंटर क्वांसी में आए दिन ताला लटका होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। मामले की शिकायत फोन पर सीएमओ से की। सीएमओ के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
ग्रामीणों ने कहा कि एएनएम सेंटर से पुनाह, पोखरी, सीढी बरकोटी, रंगेऊ, बिजनू, खारसी, बनियाना, थणता, जोगियो, सणोऊ, सैजाड़ समेत एक दर्जन गांवों की आबादी जुड़ी है, लेकिन सेंटर में अक्सर ताला लगा रहता है। ऐसे में लोगों को एएनएम सेंटर का लाभ नहीं मिल रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चों समेत सेंटर में टीकाकरण के लिए पहुंची, लेकिन सेंटर में एएनएम के न होने से उन्हें निराश लौटना पड़ा। आरोप लगाया कि सेंटर में तैनात एएनएम अक्सर अपनी ड्यूटी से गायब रहती है। लोगों को सर्दी, जुकाम और बुखार जैसी मामूली बीमारी के लिए भी चकराता की दौड़ लगानी पड़ती है। व्यापार मंडल क्वांसी के अध्यक्ष सूर्यपाल चौहान ने कहा कि यदि एएनएम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं आता तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन करने वालों में मोहन सिंह, मुन्ना, सुरेश, बबलू, बुलबुल, प्रभु, बचन, विपिन, कमला, सुंदला, रेखा देवी, सक्षम आदि मौजूद रहे। उधर, सीएमओ एसके गुप्ता ने बताया कि मामले में सीएचसी चकराता के प्रभारी चिकित्साधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है।