ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
पवित्र रमजान के महीने में भीषण गर्मी का सामना कर रहे रोजेदारों पर यूपीसीएल की हीलाहवाली भारी पड़ रही है। नवाबगढ़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों को करीब एक माह से लो-वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते लोगों की दिनचर्या पूरी तरह से गड़बड़ा गई है। लो वोल्टेज के कारण मोटर भी काम नहीं करती है। जिस कारण क्षेत्र में पानी की समस्या भी बनी हुई है। लोगों ने शीघ्र समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बुधवार को ग्रामीणों ने मांग के समर्थन में एसडीओ को ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में ग्राम पंचायत सदस्य जाबीर, वहीदा, वसीम, आरिफ, वकील, साजिद, खालिद, हसीन, शराफत, इनाम, हासिम, मोमिन, शाहरुख, सलमान आदि का कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग रहते हैं। ऐसे में रमजान के महीने में लो वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय मोटर के ठीक ढंग से काम न करने के कारण लोगों को सार्वजनिक नल से पानी ढोना पड़ रहा है। लो वोल्टेज के कारण भीषण गर्मी में पंखे और कूलर भी ठीक ढंग से हवा नहीं दे पा रहे हैं। कहा पूर्व में 29 मई को भी इस संबंध में ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन दिया था। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
उधर, एसडीओ गुरदीप सिंह ने बताया कि मामले में अवर अभियंता से रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।