ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला।
देश और सेना के लिए 24 राज्यों से होकर 13 हजार से अधिक की दूरी नापने के बाद राष्ट्रीय धावक समीर सिंह बुधवार को माधोवाला डोईवाला स्थित बीएसएफ कैंप में पहुंचे। बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों ने उनके आगमन पर जोरदार स्वागत किया। देश सेवा के लिए शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाने के उद्देश्य से अभिनेता अक्षय कुमार की पहल पर राष्ट्रव्यापी अल्ट्रा मैराथन के वीर धावक समीर सिंह एक दिसंबर 2017 से बाघा बार्डर से दौड़ शुरू करते हुए संपूर्ण भारत का चक्कर लगाकर वापस शुरूआती स्थल पर पहुंचेंगे। दौड़ के दौरान धावक समीर सिंह भारत के वीर पोर्टल के माध्यम से शहीदों के परिवारों के लिए आनलाइन मदद करने की अपील लोगों से कर रहे हैं। बीएसएफ डोईवाला पहुंचने पर धावक समीर सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान डिप्टी कमांडेंट वाईएस रावत, पीएस पंवार, सीएमओ लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद थे।