ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला।
रायवाला में बीते 10 दिनों से चली आ रही पेयजल किल्लत की समस्या से कुछ क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बुधवार को पेयजल सप्लाई सुचारु होने से राहत मिली। हालांकि कई इलाकों में पेयजल अब भी सप्लाई नहीं हो पाया है। विभाग की लापरवाही से गुस्साए लोगों ने अब जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। बुधवार को रायवाला पंपिग स्टेशन के सप्लाई टैंक में स्टोरेज की समस्या का काफी हद तक समाधान हो गया, जिससे कुछ इलाकों में लोगों को पेयजल सप्लाई की गई, मगर कई लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा।
जल कल अभिंयता एवीएस रावत ने बताया कि सप्लाई टैंक में खराब दो वाल्वों को बदल दिया गया है, जिसके चलते टैंक में कुछ अधिक पानी स्टोर हो सका है। कई क्षेत्रों की आपूर्ति सुचारु हो गई। पंप हाउस में भी एक और वाल्व में लीकेज है, जिसे बुधवार की देर रात तक बदल दिया जाएगा। प्रभावित रायवाला मुख्य बाजार और खांडगांव नंबर एक में अभी भी समस्या बनी हुई वहां टैंकरों से आपूर्ति की जा रही है।
आंदोलन की दी चेतावनी
रायवाला सप्लाई टैंक में आई खराबी पर लापरवाही बरतने से परेशान उपभोक्ताओं ने बुधवार को सप्लाई स्टेशन में एकत्र होकर अपना गुस्सा जाहिर किया। जल्द समस्या के समाधान नहीं होने के विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी। मौके पर उपप्रधान दीवान सिंह चौहान, पंचायत सदस्य मोहनी पंवार, विष्णू थापा, अजय साहू, मनोज ड़गवाल, आदि रहे।