श्रीनगर। छात्रों की समस्याओं का निराकरण न किए जाने से आक्रोशित जय हो छात्र संगठन ने गढ़वाल विवि प्रशासन का पुतला फूंका। छात्रों का आरोप था कि विवि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
जय हो छात्र संगठन गढ़वाल विवि में लागू सीबीसीएस को निरस्त किए जाने सहित कई अन्य मांगों के लिए विगत दो दिनों से कुलपति कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर रहा है। बुधवार को छात्रों ने छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार व आयुष मियां के नेतृत्व में विवि गेट के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। प्रदीप पंवार ने कहा कि छात्र लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का निराकरण किए जाने की मांग के लिए आंदोलित हैं, बावजूद विवि प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। विरोध स्वरूप छात्रों ने विवि गेट के समक्ष विवि प्रशासन को पुतला फूंका। बाद में छात्रों ने कुलपति कार्यालय पहुंचकर 40 सूत्री मांग पत्र कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल को सौंपा। विवि प्रशासन ने छात्रों को सकारात्मक आश्वासन दिया है।