ब्यूरो/ अमर उजाला, मसूरी।
एमडीडीए पार्किंग में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का विरोध करने पर एक पर्यटक से पार्किंग कर्मचारियों ने मारपीट कर दी। पर्यटक की शिकायत पर पुलिस और एमडीडीए ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किताब घर स्थित एमडीडीए की पार्किंग में सोमवार देर शाम उत्तर प्रदेश से आए मोहित कुमार ने अपनी गाड़ी खड़ी की। पार्किंग शुल्क अदा करते हुए पार्किंग कर्मचारियों ने उसे बिना मोह लगी 200 रुपये की रसीद थमा दी। जिसका उसने विरोध किया। जिस पर कर्मचारियों ने उससे मारपीट कर दी। पर्यटक ने मामले की शिकायत पुलिस और एमडीडीए के अफसरों से की है।
दूसरी ओर मंगलवार सुबह स्थानीय निवासी सुरेंद्र राणा की भी वाहन को बैक करने के दौरान पार्किंग कर्मचारियों से झड़प हो गई। जिस पर पार्किंग कर्मचारियों ने उससे भी मारपीट की। मारपीट में उसके हाथों में चोट आई है। एसआई केशवानंद पुरोहित ने बताया कि पर्यटक और स्थानीय निवासी ने पार्किंग कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगा शिकायत की है। पार्किंग की रसीद पर एमडीडीए की मोहर नहीं है। तहरीर मिलने पर कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। उधर, एमडीडीए के अधिशासी अभियंता एसएस रावत का कहना है कि पर्यटकों से मारपीट करना बेहद गलत है। इसकी जांच करा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को मौके पर जाकर रसीद बुक की जांच की जाएगी, जिसकी रिपोर्ट विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।