ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
कमलेश चंद्रा कमेटी की सातवें-पे कमीशन संबंधी रिपोर्ट को लागू करने की मांग पर अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ से जुड़े डाक सेवकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ कालसी स्थित उप डाकघर में प्रदर्शन किया। कहा मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
मालूम हो कि कमेटी की रिपोर्ट लागू करने की मांग पर बीते 11 दिन से डाक सेवक हड़ताल पर हैं। जिससे कालसी, त्यूनी और चकराता तहसील क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों की डाक सेवा बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। ग्रामीण अंचलों में डाक कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा है। मंगलवार को लखवाड़, बिजऊ, कालसी, नागथात, थैना, लुधेरा, बाढो, गांगरो, क्यारी, मुंधान, यमुना पुल, लक्सयार, लोहारी से जुड़े डाक सेवकों ने कालसी स्थित उप डाकघर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में योगेंद्र, महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, रेखा, युद्धवीर, मोहन लाल जोशी, जमन सिंह, विकास, सिकंदर सिंह, दौलत सिंह, अनिल, पंकज आदि शामिल रहे।