ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
मुनिकीरेती में शत्रुघ्न नावघाट पर मोटर बोट के ड्राइवर ने मंगलवार को एक ही परिवार के तीन लोगों को डूबने से बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा का एक परिवार क्षेत्र में घूमने आया था, पूर्वाह्न में परिवार के सदस्य मुनिकीरेती स्थित शत्रुघ्न मंदिर नाव घाट पर पहुंचे और गंगा स्नान करने लगे। इसी बीच सात वर्षीय एक बच्ची गंगा की तेज जलधारा में बहने लगी। उसे बहता देख उसकी मां उसे बचाने को नदी में उतरी और वह भी डूबने लगी। घाट पर नहा रहे बच्ची के दादा ने भी उन्हें बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी, मगर बुजुर्ग भी नदी में डूबने लगे।
इसी बीच घाट पर मौजूद मोटर बोट चालक रामलाल शर्मा रामू उन्हें डूबता देख जान जोखिम में डालकर नदी में कूद पड़े। उन्होंने एक राफ्टिंग गाइड की सहायता से एक ही परिवार के तीनों सदस्यों को सकुशल बचा लिया। इसी बीच मुनिकीरेती जल पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंचे। जल पुलिस ने बताया कि डूबने वाले परिवार के सदस्यों के नाम ज्ञात नहीं हो पाए। उधर मुनिकीरेती गंगा गो सेवा समिति के अध्यक्ष व शत्रुघ्न मंदिर के श्रीमहंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने संस्था की ओर से जल्द तीन लोगों की जान बचाने वाले मोटर बोट ड्राइवर रामलाल शर्मा को सम्मानित करने का ऐलान किया है।