ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
तीर्थनगरी में शिवानंद राम झूला और लक्ष्मण झूला पुलों पर पुलिस ने अब प्रतिदिन शाम 6 से रात 9 बजे तक दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है। यह निर्णय वाहनों और ठेली आदि की आवाजाही में पुलों पर सैलानियों के आवागमन में अवरोध उत्पन्न होने के चलते लिया गया है। व्यवस्था का पालन कराने के लिए झूला पुलों के दोनों प्रवेशद्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
सोमवार को लक्ष्मणझूला थाना परिसर स्थित कुंभ मेला भवन में सीओ कोटद्वार जेआर जोशी, सीओ नरेंद्रनगर जेपी जुयाल व सीओ ऋषिकेश वीरेंद्र सिंह रावत की व्यापारियों व स्थानीय लोगों के साथ बैठक हुई। जिसमें मुनिकीरेती और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर चर्चा की गई। सीओ जेआर जोशी ने बताया कि मुनिकीरेती में शिवानंद राम झूला और लक्ष्मण झूला पुलों पर यात्रा सीजन होने के चलते लोगों को दबाव अधिक बढ़ रहा है, जिससे पुल के साथ ही लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है।
बैठक में निर्णय लिया गया है कि अब दोनों झूला पुलों पर शाम 6 से रात 9 बजे तक दुपहिया वाहन, ठेली और रेहड़ी आदि की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। नियम के पालन के लिए पुलों के एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिसकर्मियों की तैनात की जाएगी। लापरवाही करने वालों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान की कार्रवाई होगी। वीकेंड के चलते शनिवार और रविवार को पुलों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे व्यवस्था को सुचारु रखा जा सके।