ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आंदोलन के समर्थन में एसपीएस राजकीय चिकित्सालय के फार्मेसिस्टों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। उन्होंने पोस्टमार्टम भत्ता समेत अन्य मांगों को शीघ्र पूरा करने को लेकर नारेबाजी भी की। चेताया कि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश में सभी फार्मेसिस्ट कार्य बहिष्कार कर आंदोलन में शामिल हो जाएंगे। सोमवार को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में तैनात करीब एक दर्जन फार्मेसिस्टों ने इमरजेंसी यूनिट के गेट के समक्ष प्रदर्शन कर किया।
उन्होंने नारेबाजी करते हुए सरकार से मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। चीफ फार्मेसिस्ट एसडीएस नेगी ने बताया कि एसोसिएशन के सदस्य देहरादून में मांगों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। उनके समर्थन में सोमवार को सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। बताया कि सरकार से पूर्व में पोस्टमार्टम और पेशेंट केयर भत्ता बढ़ाने, फार्मेसिस्ट संवर्ग में ढांचागत सुधार करने समेत करीब आठ मांगों को लेकर सहमति बनी थी, मगर सरकार के साथ समझौता होने के बावजूद इसे अभी तक लागू नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में फार्मेसिस्ट बीपी भट्ट, एसडी रतूड़ी, केएन बहुगुणा आदि शामिल थे।