श्रीनगर। गढ़वाल विवि के चौरास परिसर स्थित शैक्षणिक गतिविधि केंद्र में विवि के शिक्षकों के लिए एक माह के प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। शिविर में वक्ताओं ने कहा कि अच्छे शिक्षक ही अपनी निष्ठा एवं कर्तव्य से विवि में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ा सकते हैं।
पं. मदन मोहन मालवीय नेशनल मिशन ऑन टीचर्स एंड टीचिंग के तहत आयोजित शुक्रवार को प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि यूकास्ट के निदेशक डा. राजेंद्र प्रसाद डोभाल ने कहा कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम उपयोगी होते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में वैज्ञानिक व तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने होंगे, जिससे क्षेत्रीय विकास की संभावनाएं भी बढे़ंगी। कार्यक्रम संयोजक प्रो. इंदु पांडे खंडूड़ी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम नए सदस्यों के लिए उपयोगी एवं अनिवार्य हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 30 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान कार्यक्रम अध्यक्ष कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल , प्रो. विनोद नौटियाल, प्रो. आरसी शर्मा, प्रो. पीके सिंह, प्रो. एचबीएस चौहान, प्रो. एसएस रावत, प्रो. गीता पंत, डा. आरएस नेगी, डा. नितिन सती आदि मौजूद थे। डा. कविता भट्ट ने प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रशिक्षण शिविर 30 जून तक आयोजित होगा।