श्रीनगर। पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों ने स्वीकृति के बावजूद सीएसडी (कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट) न खुलने पर आक्रोश जताया है। उन्होंने सीएसडी पौड़ी मेें दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। तय किया गया कि आगामी 12 जून को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी और ईसीएचएस (अंशदायी स्वास्थ्य योजना) के प्रशासनिक अधिकारी को श्रीनगर में बैठक में प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
शुक्रवार को स्थानीय धर्मशाला में गौरव सेनानी संगठन श्रीनगर शाखा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें बताया गया कि संगठन के लंबे संघर्ष के बाद सेना ने क्षेत्र में कैंटीन की मंजूरी मिली। जगह भी चयनित हो गई, लेकिन इसके बाद महीनों से मामला लटका हुआ है। कहा कि अगर कैंटीन खुल जाती, तो पौड़ी और टिहरी जिले के सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की मुश्किल कम होती। उन्होंने उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) के ऑफिस की एक शाखा श्रीनगर में खोलने की मांग की। ताकि ज्यादा से ज्यादा पूर्व सैनिकों को इसका लाभ मिले। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने ओआरओपी (समान कार्य समान पेंशन) का लाभ न मिलने और सीएसडी में पूर्व सैनिकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत की। ताकि उक्त शिकायतों का निस्तारण हो सके। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मथुरा प्रसाद सिलोड़ी ने की। इस अवसर पर विजय सिंह राणा, सत्या सिंह तडिय़ाल, दिनेश पटवाल, मातबर सिंह, सते सिंह भंडारी, महावीर नेगी, सुरेंद्र नेगी, मोहन सिंह रावत व मनवर रावत आदि उपस्थित थे।