ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
ढालवाला जलोत्सारण योजना के तहत राइजिंग मेन लाइन बिछाने के लिए संबंधित विभाग चौदहबीघा, राजीवग्राम व ढालवाला क्षेत्र में मुख्य संपर्क मार्ग को खोदकर चलता बना। जिसके कारण क्षेत्र के हजारों परिवारों को बीते चार दिनों से आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उबड़-खाबड़ सड़क पर दुपहिया वाहन सवार रपटकर चोटिल हो रहे हैं। गौरतलब है कि पेयजल निगम गंगा विभाग इन दिनों ढालवाला में निर्माणाधीन जलोत्सारण सीवर योजना के लिए राइजिंग मेन लाइन बिछाने का कार्य कर रहा है, जिसके लिए चौदहबीघा क्षेत्र को ढालवाला से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग भैरवमंदिर-ढालवाला पुलिस चौकी मार्ग पर जगह-जगह जेसीबी मशीन के जरिए खुदाई कार्य किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह भंडारी, विकास उनियाल ने बताया कि विभाग की ओर से लाइन बिछाने के लिए सड़क को समतल नहीं करने से लोगों का आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि दुपहिया वाहन चालक जगह जगह रपटकर चोटिल हो रहे हैं। बताया कि बीते चार दिनों में कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
विभागीय सहायक अभियंता एके चतुर्वेदी ने कहा कि राइजिंग मेन को बिछाने के लिए खोदे गए मुख्य मार्ग को फिलहाल समतल नहीं किया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें पेश आ रही हैं। संबंधित एजेंसी को इससे पूर्व भी मार्ग के समतलीकरण के निर्देश दिए गए थे, बृहस्पतिवार को एजेंसी को हिदायत जारी कर दिए हैं। बताया कि शुक्रवार तक मार्ग को समतल कर दिया जाएगा, इसके बाद नगर पालिका मुनिकीरेती की ओर से मार्ग पर मरम्मत कार्य कराया जाएगा।