ब्यूरो/अमर उजाला,रायवाला।
रायवाला क्षेत्र में पानी का संकट लगातार पांचवें दिन जारी रहा। बृहस्पतिवार को सप्लाई दुरुस्त नहीं होने से रायवाला क्षेत्र की हजारों की आबादी को परेशान होना पड़ा। बावजूद इसके जल संस्थान व्यवस्था दुरुस्त नहीं कर पाया, जिसके चलते लोगों को टैंकरों से जरूरत का पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। सप्लाई टैंक में आई तकनीकी खराबी को दूर करने में जुटी विभागीय टीम व्यवस्था बहाल करने के मामले में पहले ही हाथ खड़े कर चुकी थी, जिसके बाद विभाग को ने बृहस्पतिवार को समस्या दूर करने के लिए बाहरी एजेंसी से मदद लेनी पड़ी।
दूसरी ओर बढ़ती गर्मी के प्रकोप के साथ ही ग्रामीणों को पेयजल संकट के चलते दोहरी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि महकमे की ओर से टैंकरों से पानी सप्लाई कर उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है। पानी न आने के कारण रायवाला बाजार, प्रतीतनगर, बनखंडी, सैनिक कॉलोनी, आडवानी प्लॉट और खांडगांव नंबर- एक के लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उधर, जलकल अभियंता एवीएस रावत ने बताया कि सप्लाई टैंक में पानी स्टोरेज नहीं हो पा रहा है। समस्या के समाधान के लिए बाहरी एजेंसी की मदद ली गई है। फिलहाल फॉल्ट को ठीक कर लिया गया है। बताया कि इसका परीक्षण शुक्रवार सुबह जलापूर्ति के बाद ही लग पाएगा।