ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
जिला प्रशासन के नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था से हाथ पीछे खींचने के बाद अब व्यापारियों ने खुद के खर्चे पर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का फैसला लिया है।
मंगलवार को व्यापार मंडल की बैठक में क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़ ने कहा कि हाईकोर्ट के नगर पंचायत संबंधित अधिसूचना पर रोक लगाने के बाद से यह क्षेत्र न तो अब ग्राम पंचायत अंतर्गत आता है और न ही नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत। जिसके चलते क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। दुर्गंध से लोगों का बुरा हाल है। निर्णय लिया गया कि व्यापारी और शिव मंदिर समिति मिलकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने में सहयोग करेेंगे। क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली के माध्यम से कूड़े का उठान कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से सीधे ट्रैक्टर-ट्राली में ही कूड़ा डालने की अपील की। बैठक में राजीव प्रकाश भट्ट, शूरवीर चौहान, कैप्टन धीरेंद्र बिष्ट, हरीश बेंजवाल आदि मौजूद रहे।