श्रीनगर। उत्तराखंड हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में सरस्वती विद्यामंदिर श्रीनगर के छात्र सिद्धांत कोटियाल ने 97.80 अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। भौतिक विज्ञान सिद्धांत का पसंदीदा विषय है। वह विज्ञान व तकनीकी के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहता है। सिद्धांत के पिता प्रमोद कोटियाल प्राइमरी स्कूल में शिक्षक और माता पूनम कोटियाल गृहिणी हैं। सिद्धांत का कहना है कि नियमित अध्ययन सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। सिद्धांत विद्या भारती की ओर से आयोजित मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में भी पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहा था। ब्यूरो
विपरीत परिस्थितियों में निखरी मोनिका की मेहनत
श्रीनगर। हाईस्कूल परीक्षा में 93.40 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में 24 वां स्थान हासिल करने वाली राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर की छात्रा मोनिका धनै पूरे स्कूल के लिए प्रेरणास्रोत है। पिता सुशील कुमार की मौत एक साल पहले बीमारी से हो चुकी है। मोनिका की मां गाय का दूध बेचकर बच्चों को पढ़ाने के साथ परिवार को चला रही है। मोनिका इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंजीनियरिंग के फील्ड में जाना चाहती है। ब्यूरो