श्रीनगर। शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से एलुमिनाई मीट एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 12 सदस्यीय एलुमिनाई मीट का गठन किया गया, जिसमे गढ़वाल विवि के पूर्व डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी को आजीवन सदस्य मनोनीत किया गया।
रविवार को गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से एलुमिनाई मीट का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए एलुमिनाई एसोसिएशन के विस्तार की आवश्यकता बताई। वहीं विशिष्ट अतिथि मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा ने इसे बेहतर प्रयास बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो शशि किरण पांडे ने अपने व्यवसाय के प्रति गर्व करने की बात कही। वहीं, इस दौरान आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 2006 से 2017 तक के छात्रों को एक मंच पर लाना है। कार्यक्रम में पिछले 10 वर्षों के स्वर्ण पदक विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा पूर्व में विभाग में कार्य कर चुके मनीष कोटियाल व अनीता सिंह को भी सम्मानित किया गया। जबकि एलुमिनाई एसोसिएशन में प्रो. जेपी पचौरी को आजीवन संरक्षक एवं प्रो. जोसेफ सिंह को मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। 12 सदस्यीय एसोसिएशन में डा. मुकुल पंत संयोजक, डा. हीरालाल यादव समन्वयक बनाए गए। कार्यक्रम का संचालन मोहित बिष्ट व गुरुदीप सिंह ने किया।