थराली। बद्रीनाथ वन प्रभाग के अंतर्गत मध्य पिडंर रेंज थराली के जंगलों में शुक्रवार से लगी आग पर शनिवार दोपहर को काबू पाया जा सका। यहां मैन, केरा, कुराड़, थनगिरा और डुंग्री आदि गांवों के जंगल शुक्रवार रात भर जलते रहे। वन बीट अधिकारी खीमानन्द खंडूरी ने बताया कि, रात भर वन विभाग की टीम आग बुझाने के लिए जद्दोजहद करती रही, लेकिन जंगलों में वन निगम द्वारा चिरान करने से चीड़ के अवशेष एवं बुरादे में भयंकर आग लग गई। इससे आग बढ़ती गई। खंडूड़ी ने बताया कि शनिवार दोपहर को बमुश्किल आग पर काबू पाया गया।