ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश ।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के राष्ट्रीय कैडिट कोर के कैडेट्स ने जन जागरुकता रैली निकालकर लोगों को गंगा स्वच्छता व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। अभियान के दौरान लोगों को गंगा व तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता की ओर विशेष ध्यान देने और बेटियों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। रैली को प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेजर गोविंद सिंह रावत की अगुवाई में निकली रैली विद्यालय से शुरू होकर शांतिनगर, बनखंडी होते हुए वापस स्कूल परिसर में संपन्न हुई।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा परशुराम चौक के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा कचरा एकत्रित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत ने कहा कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता की कमी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के मायने अपने घरों की साफ-सफाई तक नहीं होना चाहिए। बताया कि तीर्थनगरी ही नहीं राज्य, देश व विश्व हमारी धरोहर है। लिहाजा हमें हर स्थान को स्वच्छ रखने का नैतिक संकल्प लेना होगा। अभियान में लखविंदर सिंह, शालिनी कपूर, रंजन अंथवाल, विकास नेगी, विवेक शर्मा आदि शामिल थे।