जोशीमठ। तपोवन-विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना का निर्माण कर रही हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से वेतन न देने पर मजदूरों ने प्रदर्शन कर कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया। निर्णय लिया गया कि जब तक वेतन भुगतान नहीं होता आंदोलन जारी रहेगा।
मजदूरों ने सुबह दस बजे परियोजना के पावर हाउस साइट सेलंग में हिंदुस्तान कंपनी के विरोध में प्रदर्शन कर कार्यबहिष्कार किया। यहां हुई सभा में एचसीसी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि बीते मार्च माह से मजदूरों को वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे परिवार के भरण-पोषण की समस्या हो गई है। कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों से कई बार वेतन भुगतान की मांग के बाद भी भुगतान नहीं किया गया है। इस मौके पर यूनियन के उपाध्यक्ष राजेंद्र सेमवाल, सतीश पंत, गोविंद लाल, कमलेश पंत और सतीश लाल आदि मौजूद थे। वहीं कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रदीप चक्रवर्ती ने बताया कि मजदूरों को 29 मई तक वेतन दे दिया जाएगा। आंदोलन खत्म करने के लिए मजदूरों से वार्ता की जाएगी।