श्रीनगर। गढ़वाल विवि में सीबीसीएस की कमियों को दूर करने व सीबीसीएस एक्ट की समीक्षा किए जाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी एक माह के भीतर रिपोर्ट कुलपति को सौंपेगी, जिसे विद्या परिषद की बैठक में रखा जाएगा। विद्या परिषद की बैठक में रिपोर्ट पास किए जाने पर इसे नए शिक्षा सत्र से लागू किया जाएगा।
गढ़वाल विवि के छात्र लंबे समय से सीबीसीएस (च्वाइस बेस क्रेडिट सिस्टम) का विरोध कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि विवि प्रशासन ने बिना तैयारियों के सीबीसीएस लागू किया है, जिससे छात्रों को खासा नुकसान हो रहा है। छात्र सीबीसीएस प्रणाली को निरस्त किए जाने की मांग के लिए कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं।
बृहस्पतिवार को कुलपति (कार्यवाहक) प्रो. एससी बागड़ी ने इस संबंध में विवि के अधिकारियों व वरिष्ठ शिक्षकों के साथ बैठक की। प्रो. बागड़ी ने बताया कि टिहरी परिसर के निदेशक प्रो. आरसी रमोला के निर्देशन में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी एक माह के भीतर सीबीसीएस की कमियां व समीक्षा करेगी।