कर्णप्रयाग। नंदप्रयाग रेंज के जंगलों की आग बुझने के बाद बुधवार शाम को धनपुर रेंज के अंतर्गत एंड गांव के जंगल धधक उठे। रात करीब आठ बजे लगी आग तहसील मुहल्ला, जीजीआईसी परिसर और वन विभाग कालोनी तक पहुंच गई। वन विभाग की टीम बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे बमुश्किल आग पर काबू पा सकी।
तहसील परिसर से लगे एंड के जंगल में बुधवार रात्रि करीब आठ बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग जीआईसी, जीजीआईसी परिसर, वन विभाग के पौधालय सहित केदारनाथ कार्ययोजना डिवीजन, आटागाड़ रेंज कार्यालय और वन विभाग कालोनी तक पहुंच गई। हालांकि आटागाड़ और धनपुर रेंज के कर्मियों ने फायर लाइनों के सहारे आग बस्ती तक नहीं पहुंचने दी और किसी तरह वन विभाग का पौधालय भी बचा दिया, लेकिन जंगल नहीं बच पाया। बृहस्पतिवार सुबह चार बजे तक लगी आग से पूरा एंड का जंगल स्वाह हो गया। लगातार लग रही आग से नगर के चारों ओर धुंध फैली है। धनपुर रेंज के वन बीट अधिकारी बीरेंद्र कठैत और आटागाड़ रेंज के प्रकाश नेगी ने बताया कि आग लगने का संदेह शराबियों पर जा रहा है, इसकी जांच की जा रही है। आठ से अधिक कर्मी और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।