देवाल। विधानसभा उपचुनावों के लिए कांग्रेस ने ब्लाक में ताबड़तोड़ जनसभाएं कीं। बृहस्पतिवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, सुमित हृदयेश खेता, बोरागाड़, देवाल मुख्य बाजार और सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में आयोजित जनसभाओं में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार पूर्ववर्ती सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का काम कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सरकार ने वृद्ध महिलाओं की पोषाहार योजना और 79 हजार महिलाओं की पेंशन खत्म कर दी। कन्याधन, गौरा देवी, मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ, गर्भवती महिलाओं के लिए चलाई गई योजनाएं भी बंद कर दी गईं। इंदिरा हृदयेश ने कहा कि कर्नाटक में मोदी का झूठ नहीं चल पाया, अब थराली में भी भाजपा के झूठ को जनता आइना दिखाएगी। प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में दो करोड़ नौकरियां और 15 लाख देने की बात कही थी न नौकरियां मिलीं और न ही 15 लाख रुपये। जनसभाओं को ललित फर्स्वाण, ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डीडी कुनियाल, राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश जोशी, सुशील रावत, महावीर बिष्ट, हीरा रूपकुंडी, इंद्र सिंह राणा, राजेंद्र दानू, लखन रावत, गोविंद सिंह पांगती, हरेंद्र कोटेड़ी, लक्ष्मी दत्त, मोहन राम आदि मौजूद थे।