दिनभर धधकते रहे चमोली के जंगल
गोपेश्वर। पोखरी, घाट और सोनला क्षेत्र के जंगलों में बृहस्पतिवार को आग भड़क गई। दिनभर वन विभाग के कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग से करीब पांच हेक्टेयर वन संपदा जलकर राख हो गई।
पोखरी क्षेत्र के सलना और सतूड़ में चीड़ के जंगलों में करीब आठ बजे आग भड़क गई। जंगलों में आग लगने की सूचना पर रेंजर विक्रम सिंह रावत, वन दरोगा बलवंत गुसांई, संपत सिंह रावत और प्रकाश कंडारी वन कर्मियों के साथ आग बुझाने पहुंचे। वन कर्मियों ने जंगल में कंट्रोल बर्निंग के लिए फायर लाइन भी खींची, लेकिन लपटें तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। नंदप्रयाग क्षेत्र में सोनला के जंगल दिनभर जलते रहे। यहां भी देर शाम तक आग सुदूर जंगलों में फैल गई थी। इधर, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर का कहना है कि जंगलों में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए टीमें तैनात की गई हैं। आग पर शीघ्र काबू पा लिया जाएगा। ब्यूरो